UPAT NEWS डेस्क:-माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की ओर से गणतंत्र दिवस का आयोजन विशनखेड़ी स्थित नये परिसर में किया जाएगा। लगभग 50 एकड़ में निर्मित नये परिसर में एमसीयू का यह पहला औपचारिक कार्यक्रम है। प्रशासन और विद्यार्थी जोर-शोर से अपनी तैयारियां कर रहे हैं। कुलपति प्रो. केजी सुरेश ने गणतंत्र दिवस के आयोजन की तैयारियों की बैठक ली और कोविड-19 से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश प्रशासन को दिए हैं। कुलपति ने मध्यप्रदेश आवासीय एवं अधोसंरचना मंडल के आयुक्त श्री भरत यादव के साथ हाल ही में निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण भी किया है।
एमसीयू के नये परिसर में 26 जनवरी को कुलपति प्रो. केजी सुरेश सबसे पहले झंडावंदन करेंगे और अपना संबोधन देंगे। इस अवसर पर विद्यार्थियों की ओर से आधुनिक सुविधाओं, तकनीक एवं उपकरणों से सुसज्जित सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी जाएगी। इनमें गीत, संगीत, नृत्य एवं नाटक सहित अन्य प्रस्तुतियां शामिल हैं। एमसीयू के नवनिर्मित सभागार में एक समय में 850 व्यक्ति बैठ सकते हैं। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े विद्यार्थी लघु नाटिका के माध्यम से कोरोना के प्रति जन-जागरूकता लाने की तैयारी कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय की एनएसएस की इकाई ने वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता लाने के प्रयास किए हैं। यूजीसी के निर्देशों के अनुसार गणतंत्र दिवस पर विद्यार्थियों द्वारा सूर्य नमस्कार भी किया जायेगा।
Comments
Post a Comment