BHU ने 106वें स्थापना दिवस पर महामना वार्षिक कोष ‘प्रतिदान’ किया लांच, 3000 छात्रों को देगा छात्रवृत्ति
UPAT न्यूज़ डेस्क:- काशी हिंदू विश्वविद्यालय के 106वें स्थापना दिवस पर कुलपति सुधीर कुमार जैन ने महामना वार्षिक कोष ‘प्रतिदान’ लांच किया. इसमें पूर्व छात्रों व समाज के हर वर्ग के लोगों से स्वेच्छया दान का आह्वान किया. कहा सर्व सहयोग से एकत्र कोष से विश्वविद्यालय प्रतिवर्ष लगभग 10 फीसद यानी करीब 3000 छात्रों को योग्यता, उपलब्धि या आर्थिक स्थिति के आधार पर छात्रवृत्ति दी जाएगी.
उन्होंने बीएचयू के विकास और विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों की श्रेणी में शामिल कराने का संकल्प जताया. इस अभियान को संस्थापक महामना पं. मदन मोहन मालवीय की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि बताया. स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को विश्वविद्यालय के केंद्रीय कार्यालय सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक पूंजी वहां के प्रतिभाशाली छात्र, प्राध्यापकों व छात्रों के शोध होते हैं. इन्हीं के आधार पर विश्वविद्यालय आगे बढ़ता है। बीएचयू में आने वाली प्रतिभा अर्थाभाव में कुंठित न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा. गरीब छात्रों की भी मदद की जाएगी.
कुलपति ने कहा कि जन सहयोग से उनके अथवा उनके प्रियजन के नाम पर शोध के लिए विश्वविद्यालय में पीठ स्थापित की जाएगी. इसके लिए प्रतिदान कोष में जनसहयोग का आह्वान किया जा रहा है. बीएचयू की टीम ने अब तक 70 हजार पूर्व छात्रों का ई-मेल एड्रेस एकत्र कर लिया है. उनसे व विश्वविद्यालय के अन्य शुभेच्छुओं से भी संपर्क किया जा रहा है. दानकर्ताओं के पास अपनी रुचि के कार्यक्रमों के लिए वित्तीय सहायता का विकल्प होगा. दानराशि आयकर नियमावली की धारा 80जी के तहत पूर्णतया कर मुक्त होगी.
छात्रवृत्ति के लिए 150 करोड़ जुटाने का लक्ष्य
कुलपति एसके जैन ने बताया कि लगभग 3000 छात्रों को छात्रवृत्ति देने के लिए पांच लाख रुपये प्रति छात्र के हिसाब से न्यूनतम योगदान की आवश्यकता होगी. इस तरह से 150 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा गया है. जबकि पीठ की स्थापना के लिए 60 लाख रुपये के प्रतिदान की आवश्यकता होगी.
Comments
Post a Comment